उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज डिवीजन में रविवार को एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। यह हादसा गाजियाबाद और टुंडला रेल रूट पर दाउद खान के पास हुआ। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। इसका असर नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से पूर्व मध्य रेलवे के स्टेशन तक आने वाली ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ा है।
CPRO राजेश कुमार के अनुसार पूर्व मध्य रेलवे से आने वाली दो ट्रेनों के रूट को बदल दिया गया है। दोनों ही ट्रेनें नई दिल्ली से दरभंगा जाने वाली हैं। इन्हें गाजियाबाद से कानपुर की जगह मुरादाबाद और लखनऊ के रास्ते चलाया जाएगा। जबकि, दो ट्रेनों के समय में बदलाव कर दिया गया है। नई दिल्ली से गया जाने वाली और आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस को 2 घंटे रिशेड्यूल किया गया है।


बदले रूट से चलाई जाने वाली ट्रेनें
- 3 अक्टूबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल का परिचालन नियमित मार्ग गाजियाबाद-कानपुर-लखनऊ के बदले परिवर्तित मार्ग वाया गाजियाबाद- मुरादाबाद-लखनऊ के रास्ते किया जाएगा।
- 3 अक्टूबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 02566 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल का परिचालन नियमित मार्ग गाजियाबाद-कानपुर-लखनऊ के बदले परिवर्तित मार्ग वाया गाजियाबाद- मुरादाबाद-लखनऊ के रास्ते किया जाएगा।
रिशेड्यूल की गई ट्रेनें
- 3 अक्टूबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 02398 नई दिल्ली-गया स्पेशल 2 घंटे देरी से चलेगी।
- 3 अक्टूबर को आनंद विहार टर्मिनस से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 02368 आनंद विहार टर्मिनस-भागलपुर स्पेशल भी 2 घंटे देरी से चलेगी।

