भागलपुर, तिलकामांझी थानाक्षेत्र के डिक्शन मोड़ के पास साइकिल चुराते युवक को लोगों ने पकड़ा और उसकी अच्छी तरह से धुलाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस ने चोर को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और उसे अपने साथ लेकर कोतवाली आयी। बाद में मौके पर पहुंची तिलकामांझी पुलिस ने चोर को अपनी गिरफ्त में लेकर तिलकामांझी थाने लेकर गयी।
Total Downloads: 102
चार दिन पहले भी डिक्शन मोड़ से उड़ायी थी साइकिल:
तिलकामांझी थानाक्षेत्र के डिक्शन मोड़ (बस डिपो) के पास मंगलवार को दोपहर बाद करीब दो बजे एक युवक को लोगों ने स्थानीय दुकानदार शालिग्राम मंडल की साइकिल चुराते हुए पकड़ा। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ा और अच्छी तरह से पिटाई करते हुए उसे बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची और चोर को पकड़कर कोतवाली थाने लेकर गयी। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. राजा बताया। उसने यह भी बताया कि चार दिन पहले उसने यहां से एक और साइकिल चुराई थी।

इधर सूचना मिली तो तिलकामांझी पुलिस कोतवाली थाने पहुंची और चोर को अपनी गिरफ्त में लेकर तिलकामांझी थाने लेकर चली गयी। तिलकामांझी थानेदार राजरतन ने बताया कि पकड़े गये चोर के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाला चाकू, पेचकस और कई चाभी बरामद हुई है। चोर जहां खुद को पिटने संबंधी तहरीर से इंकार कर रहा है तो पीड़ित पक्ष भी अब तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आया है। ऐसे में चार दिन पहले जिस व्यक्ति की साइकिल चोरी हुई थी, उसे ढूंढा जा रहा है। ताकि पकड़े गये चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा सके।
बाइक पर ले जा रहा था शराब, गया जेल
सोमवार की देर रात में बाइक से अवैध शराब लेकर जा रहे शराब तस्कर को तिलकामांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक के खिलाफ तिलकामांझी पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा के जरिये जेल भेज दिया। तिलकामांझी थानेदार राजरतन ने बताया कि तिलकामांझी थानाक्षेत्र के हवाई अड्डा के पास एक युवक बाइक पर जा रहा था। संदेह होने पर उसकी जब तलाशी ली गयी तो बैग में रखा 375 एमएल की 24 बोतल अंग्रेजी शराब (इंपीरियल ब्लू) बरामद हुई। युवक को पकड़कर थाने लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम-पता बांके बिहारी, निवासी धोरैया, बांका बताया। मंगलवार को बरामद शराब को जब्त करने के बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा के जरिये जेल भेज दिया गया।
