पटना के सचिवालय थाने का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में थानेदार सीपी गुप्ता एक महिला से बदमिजाजी से बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में थानेदार महिला से कह रहे हैं, जाओ जिस बाप को बुलाना है बुलाओ। वीडियो के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम एक महिला अपने फोन चोरी की शिकायत लेकर थाने गई थी। इसी दौरान महिला ने तुरंत रिसीविंग मांगी। जिस पर थानेदार बिगड़ गए और महिला ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

सचिवालय थाने के वायरल वीडियो के संबंध में SSP मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि- ‘यह मामला जांच के दायरे में आ गया है। इस संबंध में सचिवालय ASP काम्या मिश्रा को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट में जो सच्चाई सामने आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

थाने के अंदर किसी के भी आने की है मनाही

इस मामले को लेकर वीडियो में दिखने वाले थानेदार सीपी गुप्ता से बात की गई। उनके अनुसार कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण की वजह से महिला को अंदर में आने से मना किया गया था। क्योंकि, थाने का एक अफसर और एक पकड़ा गया कैदी कोरोना पॉजिटिव है। दो पुलिसकर्मियों में भी कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। एहतिहात बरतते हुए किसी को भी अंदर आने नहीं दिया जा रहा है। प्रीति नाम की महिला अपनी शिकायत लेकर आई थी।

थानेदार का कहना है कि प्रीति ने मास्क नहीं पहना था। कभी वो सरिस्ता में तो कभी ऑफिस के अंदर घूम रही थी। उन्हें ऑफिस के बाहर जाने को कई बार कहा गया। साथ ही उसे अपना एप्लीकेशन ड्रॉप बॉक्स में जमा करने को कहा गया। लेकिन, वो बात सुन नहीं रही थी। वो अपनी जिद्द पर अड़ी थी कि उसे एप्लीकेशन की रिसीविंग तुरंत चाहिए। थानेदार का आरोप है कि उसने खुद को IB का अफसर बताया था। इसके बाद ही मामला बिगड़ा।

यह हुई घटना

मिली शिकायत के अनुसार, वीडियो बनाने वाली महिला जिले के गुलजारबाग के कुम्हार टोली निवासी प्रीति कुमारी है। साथ ही वर्तमान में राजस्व पर्षद में सचिवालय सहायक के पद पर पोस्टेड है। प्रीति कुमारी सोमवार की शाम में 4:45 के करीब सप्तमूर्ति के पास खड़े होकर अपने दोस्त के साथ बात कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो शातिर बदमाश उनका मोबाइल झपट्‌टा मारकर ले उड़े। इसके बाद ही प्रीति शिकायत करने के लिए सचिवालय थाने गई थीं। जिसके बाद थानेदार सीपी गुप्ता से विवाद हुआ। जिसका प्रीति ने चुपके से वीडियो बना लिया।

बंद मिला महिला का नंबर

घटना के संबंध में वीडियो बनाने वाली महिला से संपर्क करने की कोशिश की गई। प्रीति कुमारी नाम की उस महिला से बात करने की कोशिश की। शिकायत की कॉपी में महिला ने दो मोबाइल नंबर लिखे हैं, जिसमें एक नंबर पर कॉल किए जाने के बाद इनकमिंग कॉल की फैसिलिटी नहीं होने की बात सामने आई। जबकि, दूसरा मोबाइल नंबर अधूरा यानी 8 डिजिट का ही दिखा। इस कारण महिला से बात नहीं हो सकी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *