खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र रोहियार गांव में रविवार को सरस्वती पूजा के विसर्जन के दौरान दो गुटों में जमकर गोलीबारी हुई है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के विवाद में करीब 12 राउंड फायरिंग की गई। वहीं इस गोलीबारी में एक 14 वर्षीय युवक की मौत हुई है। जिसकी पहचान रोहियार निवासी शंकर यादव के पुत्र किशोर कुमार के रुप में की गई है।
Total Downloads: 101
सूचना मिलते ही मानसी पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। स्थानीय लोगों की मानें तो रोहियार गांव में रविवार को सरस्वती पूजा का विसर्जन चल रहा था, जिसमें डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान दो गुट नाचने में आपस में भिड़ गए। जिसके बाद दोनो तरफ से गोलीबारी शुरु हो गई। इसी घटना में ट्रैक्टर पर बैठे युवक की मौत गोली लगने से हो गई।
डीजे की धुन पर नशे में झूम रहे थे लोग
नाम नहीं बताने की शर्त पर एक स्थानीय ने कहा कि सरस्वती पूजा के विसर्जन के लिए डीजे की धुन पर गांव के युवा नाच-गान कर रहे थे। इसमें कुछ नशेड़ी भी शामिल हो गए। इसी बात को लेकर दो गुट आपस में उलझ गए। वाद-विवाद बढ़कर गोलीबारी में तब्दील हो गया। लोगों की मानें तो गोली चलाने का आरोप उसी गांव के रंजन यादव पर लगा है। उसका पहले से आपराधिक इतिहास भी है। वह करीब दो वर्ष पहले खगड़िया एसडीपीओ पर गोली चलाने का भी आरोपी है।

इस संबंध में मानसी थानाध्यक्ष नीलेश कुमार ने बताया कि घटना मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ है। मृतक युवक के सिर में गोली लगी है। गोली मारने के आरोपी को धरपकड़ के लिए छापेमरी की जा रही है।
