गोपालपुर-इस्माइलपुर सड़क पर मलकानपुर के पास बनाए गए पुल के एप्रोच पथ का निर्माण जल्द पूरा होगा। ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण कर एप्रोच पथ का निर्माण शुरू कराने के निर्देश ठेकेदार को दिया। अफसरों ने ठेकेदार को 23 मार्च तक काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
Total Downloads: 102
7 साल पहले 13 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया गया था। लेकिन जमीन अधिग्रहण को लेकर एप्रोच पथ का काम अटक गया था। अब किसानों ने जमीन देने पर सहमति जताई है। ग्रामीण कार्य विभाग के एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि किसानों को जल्द मुआवजा का भुगतान किया जाएगा। गोपालपुर की ओर से पुल के एप्रोच पथ बनाया गया है। अब इस्माइलपुर की तरफ एप्रोच पथ का निर्माण शुरू होगा।
विभाग के एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि मामला अधिग्रहण से जुड़ा हुआ था। बीच में पंचायत चुनाव को लेकर कार्य नहीं हो पाया। अब एप्रोच पथ और अधिग्रहण को लेकर काम किया जाएगा जल्द से जल्द एप्रोच पथ बनवाया जाएगा। गोपालपुर से इस्माइलपुर को जोड़ने वाला यह पुल किसानों और लोगों के लिए वरदान साबित होगा। अभी दोनों प्रखंड के लोगों को 20 किलोमीटर घूम कर आवागमन करना पड़ता है।

एप्रोच बन जाने के बाद किसान आसानी से ट्रैक्टर सहित अन्य वाहन लेकर अपने खेतों तक पहुंच पाएंगे। इस्माइलपुर जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल ने कहा कि ठेकेदार और विभाग की लापरवाही के कारण अब तक एप्रोच पथ नहीं बना सका है। इस्माइलपुर में किसानों की कई एकड़ जमीन पुल की दूसरी ओर है। पहुंच पथ बनने से किसानों को अपनी फसल घर तक ले जाने में सहूलियत होगी।
