नवगछिया : रंगरा ओपी के भवानीपुर रेलवे गुमटी 10 सी के गेटमैन आर्य टोला सबौर निवासी मुकेश कुमार की हत्या 31 दिसम्बर की रात्रि 10 बजे सिरफिरे अपराधियों ने सिगरेट के पैसे नहीं देने पर कर दी थी। गेटमैन हत्याकांड के आरोपी भवानीपुर निवासी सौगन्ध यादव को एसआईटी ने नवगछिया आरपीएफ के सहयोग से एक देसी कट्टा और दो गोली के साथ गिरफ्तार किया।
Total Downloads: 160
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि एसपी सुशांत कुमार सरोज ने घटना के बाद एसआईटी का गठन एसडीपीओ के नेतृत्व में किया था। जिसमें गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, रंगरा ओपी के प्रशिक्षु दारोगा चन्वीर यादव, शशिभूषण कुमार, सनोज कुमार राजवंशी, योगेश कुमार और पीटीसी संतोष कुमार द्वारा लगातार काम किया जा रहा था। एसआईटी मैनुअल और टेक्निकल दोनों पर काम कर रही थी। सभी जगह अपराधियों के फोटो भेजे गए थे। इसी दौरान नवगछिया आरपीएफ द्वारा सूचना दी गयी कि फोटो से मिलता जुलता युवक नवगछिया स्टेशन पर देखा गया है। उसकी गिरफ्तारी की गई। पूछताछ में उसने गेटमैन की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसके निशानदेही पर एसआईटी ने गेटमैन की हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा और दो गोली भी बरामाद किया।
सिगरेट के पैसे नहीं देने पर हत्या
पूछताछ के दौरान सौगन्ध यादव ने बताया कि 31 दिसम्बर के रात्रि उसने अपने दोस्तों के साथ शराब पी थी और घर जा रहे थे। गेटमैन से पहले से अच्छी पटती थी। उस रात दस बजे जब हमलोग रेलवे गेट पर पहुंचे तो वह फाटक उठानेवाले स्थान पर खड़ा था। मैंने उससे सिगरेट के पैसे मांगे तो कहा पैसा नहीं है। पर्स घर पर छूट गया है। इस पर गुस्से में उसे गोली मार दी। हत्या के बाद उसके शव को केबिन में ले जाकर रख दिया ताकि लूटपाट की घटना लगे। एसडीपीओ ने बताया कि घटना में जांच के दौरान और तीन लोगों के होने की बात सामने आई है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

