भागलपुर जिले के सुल्तानगंज से देवघर की सीधी रेल सेवा 12 अप्रैल से शुरू होगी। इस बारे में रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह डीएमयू पैसेंजर ट्रेन होगी जो सुल्तानगंज से भागलपुर, बांका होते हुए देवघर तक जाएगी। फिर देवघर से बांका, भागलपुर होते हुए सुल्तानगंज तक आएगी।

सुल्तानगंज से यह ट्रेन सुबह 6.20 बजे रवाना होगी। भागलपुर 7.05 बजे पहुंचेगी और 7.20 बजे रवाना होगी। बांका यह ट्रेन 9.55 बजे पहुंचेगी और वहां से 10.15 बजे रवाना होगी। देवघर पहुंचने का समय दिन के 12.15 बजे है। देवघर से यह ट्रेन दिन के 3.15 बजे सुल्तानगंज के लिए रवाना होगी। बांका शाम 4.50 बजे पहुंचेगी और 4.55 बजे रवाना हो जाएगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 7.05 बजे भागलपुर पहुंचेगी और 7.15 बजे रवाना हो जाएगी।

सुल्तानगंज रात 8.05 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन की सेवा रविवार को छोड़कर सभी दिनों में उपलब्ध होगी। इस ट्रेन के चलने से सुल्तानगंज में जल भरकर बाबा वैद्यनाथ का दर्शन एवं पूजा करने जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत हो जाएगी। लोग चाहें तो एक ही दिन में पूजा कर वापस भी हो सकते हैं। सावन के महीने में इस ट्रेन की उपयोगिता और बढ़ जाएगी। अभी तक सुल्तानगंज से देवघर तक की सीधी ट्रेन सेवा सप्ताह में एक ही दिन थी। अगरतला-देवघर एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में एक दिन ही चलती है।

इस बारे में रेलवे बोर्ड से शुक्रवार को ही नोटिफिकेशन जारी किया गया है। गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे ने नोटिफिकेशन ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वहीं सीनियर डीसीएम पवन कुमार ने बताया कि नोटिफिकेशन हो गया है। ट्रेन निर्धारित तिथि को चलाई जाएगी। दुमका से गोड्डा तक विस्तारित रांची एक्सप्रेस का भी नोटिफिकेशन मिल गया है।

इस रूट पर 133 किमी का होगा सफर

पहले सुल्तानगंज से देवघर भाया किउल ट्रेन जाने का रूट था। इसकी दूरी 180 किमी है। भाया भागलपुर-बांका ट्रेन चलने के बाद यह दूरी घटकर 133 किमी हो गई। लेकिन सुल्तानगंज से बांका के बीच रेल लाइन बिछ जाएगी तो यह दूरी 114 किमी हो जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *