नारायणपुर। कटिहार बरौनी रेलखंड के नारायणपुर स्टेशन पर अग्निपथ के विरोध में युवकों ने रेल चक्का जाम गुरुवार को सुबह दस बजे से किया। स्टेशन प्रबंधक रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि दस बजे रेल पटरी पर लोहे का पोल व पुरानी पटरी रख नारेबाजी करने लगे। मेन लाइन पर मालगाड़ी खड़ी थी। सूचना मिलने पर भवानीपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार साह, बीडीओ हरिमोहन कुमार, सीओ अजय सरकार व बिहपुर आरपीएफ इंस्पेक्टर आये। सेना बहाली वाले छात्र निरंजन कुमार, राज कुमार सहित अन्य छात्रों से की। काफी समझाने के बाद तीन बजे छात्रों ने जाम हटाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पांच घंटे बाद आवागमन को चालू कराया गया।
सेना बहाली में अग्निपथ योजना लेकर छात्रों का गुस्सा फूटा। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने हाथ में तिरंगा लेकर बिहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच नारेबाजी करने लगे। इस दौरान छात्रों ने हाटे बाजारे एक्सप्रेस और गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस को रोक दिया। पटरी पर बैठ कर छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध-प्रदर्शन कर रहे अभिनव, अभिषेक, प्रिंस, प्रीतम, छोटू, अभिजीत, अमित सक्सेना आदि ने कहा कि अग्निपथ योजना की जगह पुरानी बहाली प्रक्रिया अपनाई जाय। हंगामे की सूचना पर आरपीएफ इंस्पेक्टर कैलाश मीणा, रेल थानाध्यक्ष अजय कुमार ने काफी समझाने का प्रयास किया पर छात्र नहीं माने। छात्र क्षेत्रीय विधायक और सांसद को बुलाने पर अड़े रहे। उसके बाद नवगछिया एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल, एसडीपीओ दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर विनय कुमार समेत बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, झंडापुर ओपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार ,खरीक थानाध्यक्ष पंकज कुमार, कदवा ओपी प्रभारी आदि पहुंचे और छात्रों को समझाया तब जाकर छात्र माने और करीब 5 घंटे के बाद छात्र रेल ट्रैक से हटे और ट्रेन का परिचालन शुरू हो पाया।


