भागलपुर: खरीक प्रखंड के राघोपुर जमींदारी तटबंध पर गंगा के भीषण कटाव और सीमावर्ती इलाकों में गहराते बाढ़ संकट के बीच मुख्यमंत्री के संभावित भागलपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री का दौरा मौसम खराब रहने और अन्य अपरिहार्य कारणों से अंतिम समय में स्थगित हो गया। अब प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मौसम अनुकूल रहा तो दो दिन बाद मुख्यमंत्री के दोबारा भागलपुर पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राघोपुर के मुख्य कटाव स्थल पर ग्राउंड जीरो का जायजा ले सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर बाढ़ नियंत्रण, कटावरोधी कार्य और प्रभावित परिवारों तक राहत-बचाव पहुंचाने की स्थिति की समीक्षा किए जाने की संभावना है।

दौरे से पहले ही ग्राउंड जीरो पर पहुंचे दो प्रधान सचिव

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंगलवार रात ही आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल और जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह राघोपुर पहुंच गए थे।

दोनों शीर्ष अधिकारियों ने कटाव प्रभावित क्षेत्र का देर रात तक निरीक्षण किया और बुधवार को भी मौके पर रहकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने भागलपुर और नवगछिया के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में गंगा की धारा को नियंत्रित करने, ड्रेजिंग कराने तथा फ्लड फाइटिंग के लिए मेगा बैग और जियो बैग की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

राघोपुर में कटाव जारी, दर्जनों गांवों पर खतरा

राघोपुर में गंगा की तेज धारा लगातार किनारों को काट रही है। तटबंध से सटे इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। लगातार कटाव के कारण लोगों को घर और जमीन की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

ऐसे समय में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों की मौजूदगी में कटावरोधी कार्यों की प्रगति, राहत-बचाव व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।

राहत, पुनर्वास और 24 घंटे पेट्रोलिंग की तैयारी

प्रशासन संभावित मुख्यमंत्री दौरे को देखते हुए कटावरोधी कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार कर रहा है। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, सामुदायिक रसोई के संचालन और राहत सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की जा रही है।

तटबंधों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पेट्रोलिंग की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

भागलपुर पर लगातार नजर, हाल के दिनों में पांचवां दौरा होता

मुख्यमंत्री की भागलपुर और कोसी-सीमांचल क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रही है। गंगा के जलस्तर, कटाव, विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था, श्रावणी मेला और विभिन्न विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री स्तर से होती रही है।

यदि बुधवार का प्रस्तावित दौरा रद्द नहीं होता, तो हाल के दिनों में यह मुख्यमंत्री का भागलपुर का पांचवां दौरा होता। अब मौसम ने साथ दिया तो दो दिन बाद उनके संभावित आगमन से राघोपुर के कटाव प्रभावित लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *