नवगछिया। कदवा ओपी थाना क्षेत्र के कासिमपुर कदवा में रविवार की देर रात विवाहिता का शव फंदे से झूलता मिला। मृतका की पहचान पप्पू कुमार सिंह की पत्नी साजिया खातून (23) के रूप में हुई। उसका मायका गोरखपुर में है।
Total Downloads: 79
रविवार की रात साजिया घर में अपनी पुत्री के साथ सोयी हुई थी। सास धानो देवी दूसरे कमरे में सोई थी। पति पप्पू लुधियाना में ही है। देर रात जब एक साल की पुत्री सिमरन की रोने की आवाज सुनाई दी तो धानो देवी ने दरवाजे पर धक्का देकर उसे उठाने का प्रयास किया। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो धानो देवी ने पड़ोसियों को बुला कर दरवाजा खोला, देखा कि साजिया फंदे में लटक रही थी। स्थानीय लोगों ने साजिया को फंदे से नीचे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
साजिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली थी। माता-पिता के साथ लुधियाना रहने के दौरान उसकी मुलाकात कासिमपुर कदवा निवासी कुलो सिंह के पुत्र पप्पू कुमार सिंह से उसकी आंखें चार हो गईं। पप्पू वहां मजदूरी करने गया था। अगस्त 2021 में साजिया और पप्पू ने लुधियाना से भाग कर व्यवहार न्यायालय नवगछिया में लव मैरिज कर ली। साजिया को एक साल की पुत्री सिमरन है।

घटना की सूचना मिलने पर कदवा ओपी थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि साजिया की मोबाइल कॉल डिटेल्स से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पति से किसी बात को लेकर अनबन चल रही होगी, जिससे उसने आत्महत्या कर ली। कुछ ग्रामीणों दबी जुबान से चर्चा कर रहे थे कि साजिया का पति से एक महीने से विवाद चल रहा था। घटना से पूर्व रात में 08:39 बजे से लेकर 11:39 बजे के बीच पप्पू और साजिया के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप पर 11 बार वीडियो कॉल की गई। जिसमें साजिया के द्वारा छः बार इधर से वीडियो कॉल की गई है तो, वहीं पप्पू के द्वारा किए गए पांच वीडियो कॉल मिस हुई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर उसके पति पप्पू सिंह लुधियाना से घर के लिए निकल पड़े हैं। उधर साजिया खातून के माता पिता भी गोरखपुर से कदवा के लिए निकल गए थे। दोनों पक्ष अपने-अपने तरीके के मृतका का अंतिम संस्कार करना चाह रहे हैं।
