नवगछिया । गोपालपुर थाना के इस्माईलपुर-बिंद टोली के बीच स्थित स्पर संख्या चार के पास बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से 86,700 रुपये लूट लिए। बिना नंबर की बाइक सवार हथियारों से लैस दो अपराधियों ने हथियार सटा कर फाइनेंस कर्मी से लोगों से जमा किये रुपये, बाइक की चाभी, मोबाइल व कंपनी की डिवाइस छीन कर इस्माईलपुर की ओर बाइक से फरार हो गए। लुटेरों ने आगे जाकर बाइक की चाभी व मोबाइल फेंक दिया।
Total Downloads: 79
पीड़ित कर्मी राजेश कुमार यादव ने बताया कि पहले डिमाहा काली मंदिर के निकट और उसके बाद नवटोलिया बोचाही में महिलाओं से किश्त की राशि वसूल कर वह बाइक से लौट रहा था। चार नंबर स्पर के पास पहुंचने पर तटबंध के नीचे से बाइक से दो अपराधी आये और हथियार का भय दिखा कर मारपीट कर घटना को अंजाम दिया। घटना दिन के बारह बजे के आसपास की होने की बात कही जा रही है।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि कर्मी राजेश कुमार के फर्द बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दिया गया है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

