नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड में मनरेगा योजना में लापरवाही बरतने के आरोप में पंचायत रोजगार सेवक और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को बर्खास्त किया जाएगा। शनिवार को प्रमंडलीय आयुक्त दयानिधान पांडेय ने गोपालपुर प्रखंड की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद दोनों को बर्खास्त करने का निर्देश प्रभारी डीएम कुमार अनुराग को दिया। आयुक्त ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) के काम को संतोषजनक नहीं पाये जाने पर विभाग को जानकारी देने का निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने शनिवार को गोपालपुर प्रखंड में चल रहे विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। आयुक्त के सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि आयुक्त ने लत्तीपाकर विषहरी स्थान पर बन रहे अमृत सरोवर और बड़ी मकंदपुर में बन रहे तालाब का निरीक्षण किया। तालाब के आसपास जंगल और गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। इस अवसर पर स्थानीय लोगों द्वारा दिये गए आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश सीओ-बीडीओ को दिया। निरीक्षण के दौरान लत्तीपाकर में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गयी। अमृत सरोवर में कई महीने से काम बंद पाया गया। गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं था। ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गयी कि बहुत से लोगों का जॉब कार्ड नहीं बना है। निरीक्षण के दौरान जॉब कार्डधारी भी उपस्थित नहीं हुए। स्थानीय लोगों ने आयुक्त से शिकायत की कि आठ महीने से काम नहीं मिल रहा है। इसके बाद आयुक्त ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सचिव ने बताया कि पंचायत बाबूटोला के कमलाकुंड गांव में एक ही जगह 80 भूमिहीनों के लिए आवास बन रहा है। 50 आवास में निर्माण कार्य चल रहा है। आयुक्त ने निरीक्षण के बाद काम की प्रशंसा करते हुए उक्त जगह पर सरकार की अन्य योजनाओं को भी संचालित करने का निर्देश दिया। कहा कि संभव हो तो किसी योजना से पार्क, चारदीवारी, सोलर स्ट्रीट, नल-जल योजना आदि की व्यवस्था की जाए। आयुक्त ने सैदपुर में लोहिया स्वच्छ अभियान अवशिष्ट इकाई का निरीक्षण किया। बताया गया कि कचरा को अलग-अलग करने की व्यवस्था की गयी है। गीले कचरे से कम्पोस्ट बनाया जा रहा है। आयुक्त ने प्लास्टिक अवशिष्ट प्रबंधन इकाई का उद्घाटन किया। यहां सभी पंचायतों को इकट्ठा कर लाया जाएगा। इससे आमदनी भी होगी।

आयुक्त ने ऐसी व्यवस्था जिले के सभी पंचायतों में करने का निर्देश प्रभारी डीएम को दिया। अंचल में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मापी के लिए बहुत आवेदन लंबित हैं। आयुक्त ने एक अमीन को एक दिन में दो मापी करने का निर्देश दिया। अमीनों को लॉकबुक बनाने को कहा गया। ताकि समय और क्रमवार मापी का काम किया जा सके। प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना की पंजी और विजिटर रजिस्टर की व्यवस्था की सराहना करते हुए सभी प्रखंडों में इस तरह की व्यवस्था करने का निर्देश प्रभारी डीएम को दिया। कहा कि अगर संभव हो तो इसके लिए प्रशिक्षण दिया जा सकता है। कई लोगों की शिकायतों को भी आयुक्त ने सुना। आदर्श उवि सैदपुर और बालिका विद्यालय सैदपुर की जांच कर समस्या का समाधान करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। इस अवसर पर  भागलपुर के प्रभारी डीएम कुमार अनुराग, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार, मनरेगा के डीपीओ स्वच्छता मिशन के अधिकारी सहित अन्य विभाग के कर्मी एसडीपीओ मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *