जहान्वी चौक घाट का रास्ता जलमग्न, टूटे सड़क मार्ग पर फंसी एंबुलेंस; यात्रियों की बढ़ी परेशानी
नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जहान्वी चौक घाट पर बाढ़ के पानी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। यात्रियों के आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से तैयार किया गया वैकल्पिक रास्ता भी पानी में डूब गया है। इसके बाद जिस दूसरे सड़क मार्ग से यात्रियों को घाट तक पहुंचाया जा रहा था, वह भी दो जगहों पर 100 मीटर से अधिक दूरी तक टूट गया है। सड़क पर घुटनेभर पानी और कीचड़ जमा होने से यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
Total Downloads: 354
गंगा का पानी अब घाट तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग पर फैल गया है। टूटे हुए रास्ते से बाइक सवार और पैदल यात्री पानी व कीचड़ के बीच गिरते-संभलते गुजरने को मजबूर हैं। भागलपुर की ओर से जहाज से आने वाले यात्रियों को भी अंधेरे में पानी से होकर घाट से बाहर निकलना पड़ रहा है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से रात में हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं, रास्ते पर समुचित बैरिकेडिंग भी नहीं की गयी है।
टूटे रास्ते पर लगा जाम, एंबुलेंस भी फंसी
शुक्रवार को टूटे सड़क मार्ग के पास वाहनों और यात्रियों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बन गयी। इस जाम में एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार गांधी जयंती की छुट्टी होने के कारण शुक्रवार को यात्रियों की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कम थी। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सामान्य दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

![]()
अंतिम जहाज के बाद यात्रियों को लौटाया गया
शुक्रवार देर शाम अंतिम जहाज के रवाना होने के बाद पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए करीब 25 से 30 बाइक सवार यात्रियों को वापस लौटा दिया गया। वहीं, करीब 40 से 50 पैदल यात्रियों को भी आगे जाने से रोक दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
एसडीओ ने कहा- रात तक रास्ता दुरुस्त करने का प्रयास
एसडीओ के. परीक्षित ने बताया कि सड़क को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। रात तक रास्ते को आवागमन के योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
घाट की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता कुमारी ने भी संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली और मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन की ओर से घाट और पहुंच पथ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जहान्वी चौक घाट से चलीं कई नावें
शुक्रवार को जहान्वी चौक घाट से कई जहाजों का परिचालन हुआ। एसडीओ के अनुसार मिथिलेश सिंह के दो जहाजों ने छह ट्रिप लगाए। इसके अलावा अन्य जहाजों ने भी यात्रियों को गंगा पार कराया। हालांकि, घाट तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग के जलमग्न और क्षतिग्रस्त होने से फेरी सेवा का लाभ लेने वाले यात्रियों की परेशानी बनी हुई है।
