नवगछिया । नवगछिया में लगातार मूसलाधार बारिश के बाद कोसी नदी के बाढ़ का पानी कलवलिया नदी में उतर गया है जिससे आधा दर्जन गांव में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। मंगलवार को कुर्सेला कटोरिया के पास से कोसी नदी का पानी कटरिया, रंगरा होते हुए डुमरिया, सुकटिया बाजार की ओर तेजी से जा रहा है।
कलवलिया नदी में कोसी का पानी आ जाने से आसपास के सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें डूब गईं हैं। किसान तेजी से अपनी फसल काटने में लगे हुए हैं। रंगरा स्लूइस गेट पर भी पानी जमा होने लगा है। जिससे स्लूइस गेट पर भी पानी का दबाब बनने लगा है। रंगरा मुखिया नवीन कुमार ने बताया कि स्लूइस गेट बंद है। किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।
कलवलिया नदी में बाढ़ का पानी आने से रंगरा, मुरली, चन्दरखडा, लतरा भवानीपुर, गोपालपुर, सैदपुर गोरियारी सहित कई गांवों में बाढ़ का पानी आने का खतरा बढ़ने लगा है। पशुओं के चारे की समस्या उत्पन्न हो गयी है। पशुचालक अपने मवेशियों को ऊंचे स्थानों पर ले जाने लगे हैं।


