नवगछिया । हथियारबंद चार बदमाशों ने रविवार को सुबह 10 बजे तेतरी जीरोमाइल से कदवा जाने वाली फोरलेन सड़क पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास राजेंद्र कॉलोनी वार्ड नंबर 10 निवासी मेडिकल रिप्रजेंटेटिव प्रताप चंद्र सिंह से बाइक लूट ली। बदमाशों ने बाइक लूटने के बाद दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग भी की। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित प्रताप चंद्र सिंह ने नवगछिया थाना में चार अज्ञात सड़क लुटेरों के खिलाफ प्राथमिकी की दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह सुबह काम से बाइक से कदवा जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने ओवरटेक कर हथियार सटाकर उसकी बाइक लूट ली और विरोध करने पर गोलीबारी भी की।
घटना के बाद नवगछिया थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की और दोनों तरफ लगे सीसीटीवी में उस समय आने जाने वाले लोगों को देखकर और उसके बताए हुए चेहरे के आधार पर 6 लोगों को हिरासत में लिया है। फिर से उसकी पहचान करवा रहे हैं। पुलिस ने घटना के समय आने-जाने वाले बाइक सवार का सीसीटीवी फुटेज लिया है। देर रात तक पुलिस बदमाशों की पहचान में लगी हुई है।


