बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की पीटी परीक्षा 12 फरवरी को ही होगी। पटना हाईकोर्ट ने 60वीं से 62वीं संयुक्त प्रतियोगिता (प्रारंभिक) परीक्षा के एडमिट कार्ड की गड़बडियों को लेकर गुरुवार को अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा है कि रविवार को होने वाली परीक्षा की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।

इससे पहले जस्टिस डॉक्टर रविरंजन ने बुधवार को इस मामले की सुनवाई की। छात्रों के वकील ने कहा कि तीन दिन बाद परीक्षा होनी है। ऐसे में बड़ी संख्या में एडमिट कार्ड में हुई गड़बड़ियों को सुधार कर पाना संभव नहीं है इसलिए परीक्षा की तिथि बढ़ाना जरूरी है। हालांकि, कोर्ट ने उनसे कहा कि जब आयोग ने इसके लिए कई बार मौका दिया, तो आप कैसे छूट गये।

642 पदों के लिए निकली भर्ती
रविवार को 35 जिलों के 390 परीक्षा केंद्रों पर 12 बजे से 2 बजे दिन तक दो घंटे की परीक्षा होगी। परीक्षा 150 अंकों की होगी। 150 प्रश्न वस्तुनिष्ठ पूछे जाएंगे, जिसमें उत्तर का विकल्प होगा। बिहार प्रशासनिक व बिहार पुलिस सेवा सहित 642 पदों पर बहाली के लिए परीक्षा ली जा रही है। 642 पदों में 325 पद अनारक्षित हैं। सबसे अधिक बिहार प्रशासनिक सेवा के 244 हैं।
बिहार पुलिस सेवा के 30, बिहार वित्त सेवा 73, जिला समादेष्टा 5, उत्पाद निरीक्षक 2, बिहार प्रोबेशन सेवा 60, ग्रामीण विकास पदाधिकारी 13, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी 3, बिहार निबंधक सेवा 11, नियोजन पदाधिकारी 3, बिहार श्रम सेवा 7, ईंख पदाधिकारी 2, बिहार निर्वाचन सेवा 4, जिला अंकेक्षण पदाधिकारी सहयोग समितियां 7, सहायक निबंधक सहयोग समितियां 3 व राजस्व अधिकारी के 175 पद हैं।

