नवगछिया । बिहपुर के कहारपुर निवासी पशुपालक रामशरण यादव हत्याकांड मामले में शनिवार देर रात गुप्त सूचना पर नदी थाना की पुलिस ने झंडापुर निवासी कुख्यात सुजीत यादव एवं सकला उर्फ सकलदेव यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी रविवार को नवगछिया एसपी एसके सरोज ने प्रेस वार्ता कर दी।
Total Downloads: 334
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम नदी थानाध्यक्ष मुकुंद मुरारी को सूचना मिली कि दोनों आरोपी घर में हैं। थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जहां घर की घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर टेकना बहियार से घटना में प्रयुक्त दो देसी कट्टा, तीन कारतूस, छह मिस फायर राउंड, एक खोखा, दो कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। घटना में शामिल अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद कट्टा और गोली को जमीन के अंदर छिपाकर रखा था।
जिसे पुलिस ने जमीन खोदकर बरामद किया। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए पुलिस को घटना में शामिल अन्य अपराधियों का भी नाम बताया है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि नदी थानाध्यक्ष की यह कार्रवाई बहुत ही सराहनीय है। इसलिए नदी थानाध्यक्ष को पुरस्कृत किया जाएगा। इस कार्रवाई में झंडापुर ओपी प्रभारी अजीत कुमार का भी सहयोग रहा।

