नवगछिया : शिक्षक दिवस पर दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गयी। गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर मुस्लिम टोला के दो छात्र मो. अरमान अली (19) पिता मो. तबारक अली, मो. साकिब अली (20) पिता मो. इसराफिल की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी। जबकि तीसरे छात्र मो. हसनैन पिता मो. साबित गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों छात्र मैट्रिक के परीक्षार्थी थे। घटना मंगलवार को दोपहर बाद पौने तीन बजे की है।

बताया जाता है कि शिक्षक दिवस के मौके पर तीनों छात्र नवगछिया से केक लाने गये थे। केक लेकर वापस आने के दौरान नवगछिया-तीनटंगा करारी मुख्य सड़क पर पोखरिया चौक से आगे तेज गति से आ रहे वाहन के सामने से ठोकर मार देने के कारण मो. अरमान व मो. साकिब की मौत मौके पर हो गयी तथा मो. हसनैन को घायल अवस्था में इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर लाया गया। अस्पताल में चिकित्सा के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को सामान्य बताया। हालांकि घायल हसनैन अपना सुध बुध खोक चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण व स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार मृतक छात्रों के परिजनों ने एंबुलेंस से शव को बाहर निकाल सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सीओ गोपालपुर राजकिशोर शर्मा व गोपालपुर थाना के एएसआई उपेन्द्र मुखिया दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भिजवाया।

मौके पर मौजूद सीओ राजकिशोर शर्मा ने कहा कि सरकार के नियमानुसार मृतकों के परिजनों को मुआवजा मुहैया कराया जायेगा। घटनास्थल पर परिजनों के दहाड़ मार कर रोने से माहौल गमगीन हो गया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि वाहन का पता लगा कर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। अभी तक परिजनों द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *