नवगछिया । गाड़ी का इंश्योरेंस क्लेम लेने के लिए ट्रक ड्राइवर ने ट्रक चोरी की झूठी शिकायत दर्ज करायी। नवगछिया पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। नवगछिया आरक्षी अधीक्षक सुशांत कुमार सरोज शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पूर्णिया जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोशनगंज गांव के मो. रजाबुल ने बीते मंगलवार की रात 112 नंबर पर जीरोमाइल सर्विस रोड पर खड़े ट्रक की चोरी की सूचना दी। नवगछिया थाना में मामला किया गया। पुलिस को घटना संदिग्ध लगी।
जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि गाड़ी रुपौली में खड़ी देखी गई है। अनुसंधानकर्ता पुलीस अवर निरीक्षक अनमोल राम रुपौली जाने के लिए निकले। इसी क्रम में चालक ने सच्चाई कबूल कर ली। बताया कि गाड़ी काफी पुरानी हो गई थी, जिसके कारण गाड़ी के मालिक ने उसे 30 हजार रुपया देकर गाड़ी चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा।
ताकि इंश्योरेंस क्लेम मिल सके। ड्राइवर ने बताया कि रुपौली में उसके रिश्तेदार जिसकी कबाड़ी का दुकान है, जिसके यहां गाड़ी बेच दी गई। पुुलिस ने गाड़ी के चालक पर अलग से झूठा मुकदमा दर्ज करने के विरुद्ध मामला नवगछिया थाना में दर्ज किया है।


