नवगछिया । इस्माईलपुर प्रखंड की छोटी परबत्ता और पूर्वी भिट‌्ठा पंचायत में गुरुवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस-प्रशासन ने अपराध मुक्त समाज बनाने में बुजुर्गों को आगे आने की अपील की। एसपी एसके सरोज ने कहा कि बुजुर्ग गांवों में चौपाल लगाकर युवाओं को समझाएं-बुझाएं तो निश्चित तौर पर युवाओं का ध्यान नहीं भटकेगा। सही पारिवारिक दिशा नहीं मिलने से ही युवा भटक जाते हैं और जाने-अनजाने कोई अपराध कर बैठते हैं। इससे पूर्व जिला से आये विभागीय पदाधिकारियों ने लोकोपयोगी योजनाओं की जानकारी दी।

सरकार का ध्यान सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास पर : डीएम

डीएम ने कहा कि सरकार का ध्यान सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास पर है। इसके लिए ढेर सारी योजना बनाई गई है। हजारों लोग योजनाओं से लाभान्वित भी हुए हैं। यदि योजना को लेकर कहीं दिक्कत हो रही है तो लोक शिकायत सेवा पदाधिकारी के यहां वाद दायर करें। हर हाल में शिकायत दूर होगी। साथ ही फरियाद अनसुना करने वाले पदाधिकारी, कर्मचारी दंडित भी किए जाएंगे। डीडीसी कुमार अनुराग ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान व लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर से सूखा व गीला कचरा का उठाव कराया जा रहा है। पंचायतों में कचरा प्रबंधन के तहत कचरा निस्तारण यूनिट की तैयार कर जैविक खाद का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रति परिवार प्रतिदिन एक रुपया स्वच्छता के लिए सहयोग करने को कहा।

जाह्नवी चौक से बिंद टोली तक सडक निर्माण की रखी मांग

कार्यक्रम में आमलोगों ने कई समस्याओं को रखा। जिला पार्षद विपिन मंडल ने जाह्नवी चौक से बिंद टोली तक सडक निर्माण कराने व प्रखंड में ग्रामीण कार्य विभाग की सभी सडकों के जीर्णोद्धार की मांग की। प्रमुख प्रतिनिधि श्रीकांत यादव ने जमीन संबंधी विवाद के लिये अंचल कार्यालय व इस्माईलपुर थाना को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों ने एक ही जमीन की रसीद दो-दो व्यक्तियों को काट दी। ग्रामीण उमेश कुमार ने कहा कि प्रखंड में अधिकारी व कर्मी योगदान नहीं करना चाहते हैं। क्योंकि सड़कें जर्जर हैं। दुर्घटना की शिकायत हमेशा रहती है। उन्होंने गश्ती नहीं होने के कारण छिनतई की घटना में वृद्धि होने व सीमा विवाद के कारण मामला दर्ज होने में कठिनाई की जानकारी भी दी। भवन निर्माण के वर्षों बाद भी विद्यालय में शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने की जानकारी भी दी गई। सभी शिकायतों पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता पर जांचोपरांत कार्रवाई कराने को कहा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *