नवगछिया । शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने नवगछिया अनुमंडल के विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान शुक्रवार को कहा कि स्कूल सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेगा। उन्होंने गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत दो मध्य, चार प्राथमिक और दो उत्क्रमित उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। मौके पर उनके साथ राज्य परियोजना निदेशक रवि कुमार भी थे। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय एसटी-एससी डुमरिया, मध्य विद्यालय डुमरिया, प्राथमिक विद्यालय राजपूत टोला गोपालपुर, मध्य विद्यालय जगदंबा, प्राथमिक विद्यालय उत्तर भवन, उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदपुर व उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लत्तीपाकड़ का निरीक्षण किया।
उन्होंने एससी-एसटी प्राथमिक विद्यालय डुमरिया में छात्रों व शिक्षकों की उपस्थिति के साथ-साथ छात्रों की पढ़ाई को लेकर खुशी जाहिर की और विद्यालय में चारदीवारी व खेलने के लिए जगह नहीं होने को लेकर शिक्षकों से जगह उपलब्ध कराने को कहा। एसीएस ने जितनी जगह थी उस जगह पर विद्यालय चलाने के साथ-साथ अन्य व्यवस्था को ठीक रखने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय में व्यवस्था व रंगरोगन के साथ चारदीवारी बनाने का निर्देश दिया। विद्यालय में 80% से अधिक छात्र उपस्थित थे। शिक्षकों की भी उपस्थिति ठीक थी। खान-पान को लेकर भी उन्होंने छात्रों से जानकारी ली। उन्होंने 10 से चार बजे तक पढ़ाई को लेकर के सभी को तैयार होने को कहा।
मध्य विद्यालय डुमरिया की बदहाली पर बिफरे
मध्य विद्यालय डुमरिया की स्थिति को देखकर अपर मुख्य सचिव बिफर गए और उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी व मौके पर मौजूद पदाधिकरियों को फटकार लगाते हुए इसके जिम्मेदार की जानकरी ली। उन्होंने राज्य परियोजना निदेशक व साथ में चल रहे डीपीओ से जवाबी रिपोर्ट तैयार करने को कहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर फर्जी तरीके से उपस्थिति बनाकर व गलत ढंग से अंडा व फल को विद्यालय के कमरे में रखने पर तत्काल कार्रवाई कर स्थानांतरण का निर्देश दिया। प्रधानाध्यापक पर तीन बजे तक छात्रों की उपस्थिति नहीं बनाने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से आपत्ति जताई। शौचालय व विद्यालय परिसर में गंदगी देखकर बीपीएम व प्रखंड मध्याह्न भोजन की देखरेख करने वाले बीआरपी पर कार्रवाई करने को कहा।

प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर में शौचालय व्यवस्थित करने को कहा
प्राथमिक विद्यालय राजपूत टोला, प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर में शौचालय में व्यवस्था नहीं होने पर तत्काल इंजीनियर को सुचारू रूप से निगरानी कर व्यवस्थित करने को कहा, साथ ही चारदीवारी बनाने के निर्देश दिए। जगदंबा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली। शौचालय व बेकार पड़े एक कमरे को हटाने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय उत्तर भवन के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार से छात्रों की उपस्थिति व शिक्षकों की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में चल रहे है भवनहीन विद्यालय को लेकर सभी को मिलाकर विद्यालय चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने डीईओ को निर्देश दिया कि कहीं पर भी कोई विद्यालय अगर टैग में चलता है तो कक्षाएं साथ-साथ चलाएं नहीं तो वहां के अधिकारी कार्रवाई के दायरे में रहेंगे। उच्च विद्यालय सैदपुर में भवनहीन व जर्जर भवन का निर्माण करने का निर्देश व छात्रों के नामांकन के अनुकूल शिक्षक तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सैदपुर उच्च विद्यालय प्रांगण में बने स्टेडियम का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उच्च माध्यमिक विद्यालय लतीपाकर धरहरा में छात्रों के बीच परीक्षा को लेकर कई तरह की जानकारी ली। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान सुनाकर उनका अभिवादन किया। मौके पर उनके साथ सेल्फी लेने के लिए छात्रों की काफी भीड़ लगी रही। ऐसे प्रधान सचिव ने बताया कि यहां पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। शिक्षक अपना पठन-पाठन पर ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, डीपीओ नितेश कुमार, विजय आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे

