नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड के कटारिया रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक को स्थाई रूप से हटाने एवं ग्रामीण सड़क को रेलवे द्वारा अचानक काटने के बाद सधुआ एवं चापर गांव के हजारों लोग उग्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने जेसीबी से सड़क कटवा रहे रेलवे के इंजीनियर, पदाधिकारीयों एवं रेल पुलिस, जीआरपी पुलिस बलों को खदेड़ दिया।
इसके बाद जेसीबी द्वारा सड़क खुदाई कर रहे जेसीबी चालक उग्र ग्रामीणों को देखकर वहां से भाग खड़े हुए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर मौके पर मौजूद रेल विभाग के पदाधिकारी एवं अभियंता सहम गए। इसके बाद रेलवे के अधिकारियों द्वारा स्थानीय प्रशासन एवं नवगछिया एसपी को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा, गोपालपुर, नवगछिया, खरीक, बिहपुर सहित कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गई और मामले को सुलझाने का प्रयास किया।
बावजूद इसके लोग मानने को तैयार नहीं थे। अंत में सड़क की खुदाई कर रहे कार्य को बंद कर दिया गया। इसके बाद ‘रंगरा जिला पार्षद शबाना आजमी भी मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। अंत में पदाधिकारियों द्वारा कार्य बंद कर दिए जाने एवं आवागमन लायक रास्ता बनाए जाने का आश्वासन देने के बाद लोग मानने को तैयार हुए।

रेल फाटक बंद होने से एक किमी बढ़ जाएगी दूरी
उग्र ग्रामीणों का कहना था कि इस रेलवे फटक के जरिए सधुआ, चापर एवं नवटोलिया तीनों गांव के हजारों लोग आवागमन करते हैं। यह रेलवे फाटक बंद हो जाने से हमलोगों को एक किलोमीटर दूरी तय कर चापर रेलवे ढाला ये आवागमन करना पड़ेगा। वहीं लोगों ने बताया रेलवे द्वारा बनायी गयी वैकल्पिक सड़क बाढ़ के समय पानी मेंडूब जाती है। इसके चलते लगभग चार महीने तक हमलोग चारों ओर से बाढ़ के पानी के बीच कैद हो जाएंगे। लिहाजा किसी भी सूरत में हमलोग इस सड़क को बंद नहीं होने देंगे।

