नवगछिया । कदवा दियारा के बाद अब गरुड़ों का नया आशियाना ढोलबज्जा से सटे नवटोलिया में हो रहा है। यहां 22 घोंसले मिले हैं। रुपौली प्रखंड के नाथपुर पंचायत के नवटोलिया गांव में पीपल के दो पेड़ पर विलुप्तप्राय पक्षी गरुड़ के 22 घोंसले मिलने के बाद भागलपुर वन प्रमंडल और मंदार नेचर क्लब के संयुक्त तत्वाधान में गरुड़ जागरूकता अभियान का आयोजन कर ग्रामीणों को गरुड़ संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। गरुड़ विजेता पुरस्कार 2024 से पंचायत के मुखिया विजय कुमार मंडल और सरपंच राजेंद्र प्रसाद सिंह को गरुड़ का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

जागरूकता अभियान का नेतृत्व कर रहे मंदार नेचर क्लब भागलपुर के संस्थापक अरविंद मिश्रा ने कहा कि भागलपुर जिले के कोसी कदवा दियारे के बाद अब दूसरे स्थानों पर भी गरुड़ को धीरे-धीरे वहां की आवोहवा गरुड़ों को पसंद आ रही है और इन्होंने आसपास के कोसी नदी के किनारे बसे गांव नवटोलिया को अपना नया ठिकाना बनाया है। विश्व भर में अति संकटग्रस्त गरुड़ की इस प्रजाति के संरक्षण के लिए स्थानीय समुदाय को एकजुट किया जा रहा है।

वर्ष 2006 ई० से ही गरुड़ के संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे कहलगांव शारदा पाठशाला के प्राचार्य प्रो. जयनंदन मंडल ने बताया कि कदवा दियारा के बाद अब नवटोलिया गांव में भी भोजन की पर्याप्त उपलब्धता व मौसम अनुकूल होने से यहां गरुड़ों की संख्या बढ़ रही है। जबकि कंबोडिया व भारत के असम राज्य में गरुड़ की संख्या घट रही है। समाजसेवी सह गरूड़ सेवियर्स प्रशांत कुमार कन्हैया ने कहा कि एक और जहां कंबोडिया और असम में गरुड़ों के अस्तित्व पर संकट मंडर रहा है तो वहीं हमारे गंगा और कोसी नदी के गर्भ में अवस्थित नवटोलिया गांव में लगातार गरुड़ के घोसले मिलना शुभ संकेत है।

आने वाले समय में इस गांव को वैश्विक स्तर पर विशेष पहचान मिलेगी। नाथपुर पंचायत के मुखिया विजय कुमार ने कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है। मौके पर वनरक्षी अनुराधा कुमारी, कल्पना कुमारी, अजीत कुमार, गरुड़ सेवियर्स राजीव कुमार, प्रिंस कुमार, दीपक कुमार, गौरव कुमार, वतन कुमार के साथ स्थानीय ग्रामीण सुनील कुमार सिंह, प्रणव कुमार, नारद कुमार, पंकज कुमार, पुलिस मुनि सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *