बिहपुर थाना परिसर में सोमवार को नवगछिया एसपी पूरण कुमार झा की उपस्थिति में 17 अप्रैल को रामनवमी एवं 18 अप्रैल को रामनवमी शोभायात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में दोनों संप्रदाय के गणमान्य व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित हुए। एसपी ने कहा कि रामनवमी जुलूस में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लाउडस्पीकर पर भी भक्ति संगीत के गाने बजेंगे।
इसके लिए जुलूस में शामिल लाउडस्पीकर वाहन पर थाना से प्रतिनियुक्त चौकीदार भी रहेंगे। वहीं क्षेत्र के बड़े बुजुर्गों से जुलूस के साथ रहने को कहा गया है। क्योंकि चुनाव के कारण पुलिस बलों की कमी है। वहीं दोनों संप्रदाय के लोगों ने एसपी को जुलूस को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का आश्वासन दिया। बैठक में इंसपेक्टर आलोक कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर, सरपंच अशोक गोस्वामी, मुखिया सलाहुद्दीन, प्रवीण उर्फ फोर्ड, बिट्टू चौधरी, रघुनाथ, मो.इरफान आलम, सत्यप्रकाश झा, रामप्रकाश सिंह आदि थे।
खरीक | खरीक थाना में रामनवमी को हर हाल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नरेश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रखंड के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दोनों समुदायों के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। मौके पर थानाध्यक्ष ने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में रामनवमी का त्योहार मनाएं।

वहीं, उन्होंने कहा कि वर्तमान में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसलिए बिना अनुमति लिए किसी भी प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। मौके पर पीएसआई अमित कुमार, प्रमुख शंकर प्रसाद यादव उर्फ्र दल्लु यादव, उप प्रमुख मजहरूल हक, मुखिया उमेश यादव, सरपंच गोविंद कुमार, सुमित कुमार, रामानंद चौधरी, जयंत चौधरी, नियामत अंसारी थे।

