नवगछिया। बिहपुर थाना क्षेत्र में चर्चित अभिषेक कुमार हत्याकांड मामले में नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी मन्नू यादव को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को अभिषेक कुमार को घर से बुलाकर उनकी हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पहले उनका गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
इस मामले में मृतक के परिजन अनुराग कुमार के आवेदन पर बिहपुर थाना में कांड संख्या 36/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में पड़ोसी मन्नू यादव समेत तीन-चार अन्य लोगों को नामजद किया गया था।

पुलिस द्वारा किए गए अनुसंधान के दौरान पहले भी एक अभियुक्त की गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 24 जून 2026 को पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी गजाधर यादव का पुत्र है और लत्तीपुर, बिहपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

