खरीक : खरीक थाना क्षेत्र के कररहू और जमालदीपुर के बीच 14 नंबर सड़क पर मंगलवार की रात करीब 9 बजकर 20 बजे नवगछिया से बिहपुर बाजार जा रहे बिहपुर के दवा व्यवसाई शिवजी प्रसाद गुप्ता के पुत्र गौतम कुमार उर्फ बाला जी 23 वर्ष का हीरो – होंडा पैशन प्रो काला रंग का मोटरसाइकिल (बीआर10 एम 7314) हथियार से लैस तीन अपराधियों ने लाठी डंडे से मारपीट कर हथियार का भय दिखाकर लूट लिया. एक अपराधी मोटरसाइकिल लेकर जमालदीपुर की ओर भाग गया और दो अपराधी घटना को अंजाम देकर फायर करते हुए दक्षिण दिशा की ओर भाग गए. पीड़ित दवा व्यवसायी गौतम कुमार ने खरीक थाना पहुंचकर मोटरसाइकिल लूट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी में जमालदीपुर का शातिर अपराधी धारो सिंह सुजीत सिंह और नटवर सिंह को नामजद किया है.
पुलिस ने एक को हथियार के साथ किया गिरफ्तार
मोटरसाइकिल लूट की घटना की सूचना मिलते ही खरीक पुलिस और बिहपुर पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर तीन नामजद अपराधियों में से एक अपराधी सुजीत सिंह को अवैध आर्म्स और कारतूस के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. लूटकांड कांड में नामजद अन्य दो आरोपित धारो सिंह और नटवर सिंह को गिरफ्तार करने और मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए पुलिस संयुक्त छापेमारी कर रही है. पीड़ित व्यवसायी गौतम कुमार ने बताया कि मंगलवार को करीब 8:15 बजे नवगछिया से अपने हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल से अपने सहयोगी सोनू के साथ वापस बिहपुर आ रहा था.

दवा व्यवसाई गौतम कुमार ने इस संदर्भ में खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसमें जमादिपुर का कुख्यात अपराधी धारो सिंह उर्फ धरबा, सुजीत सिंह और नटवर सिंह को मोटरसाइकिल लूट कांड में नामजद किया है. दवा व्यवसाई ने खरीक पुलिस और बिहपुर पुलिस से लूटे गए मोटरसाइकिल की बरामदगी और अपराधियों से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. इस संदर्भ में पूछे जाने पर खरीक थाना अध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि लुटेरों की पहचान कर ली गई है. तीन लुटेरों में से एक सुजीत सिंह को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य दो नामजद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. जल्द ही लूट की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली जाएगी.


