नवगछिया बाजार के गांधी चौक निवासी राजकुमार शाह की पुत्री साक्षी भारती ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे नवगछिया का नाम गौरवान्वित किया है। साक्षी का चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer) पद के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
साक्षी भारती की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और परिजन इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके पिता राजकुमार शाह नवगछिया बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते हैं, जबकि माता संगीता देवी गृहिणी हैं।
साक्षी की मां संगीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही है। वर्ष 2015 में उसने मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। इसके बाद वर्ष 2017 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय की टॉपर बनी थी।

शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली साक्षी वर्तमान में मध्य विद्यालय झंडापुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने बीपीएससी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
अपनी सफलता पर साक्षी भारती ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
साक्षी की इस सफलता ने नवगछिया के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

