सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद SSP का बड़ा एक्शन, सिटी एसपी की जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही की पुष्टि

भागलपुर: भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र में ट्रकों से कथित अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बाईपास थाना प्रभारी चनवीर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, भागलपुर निर्धारित किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया है कि बाईपास थाना के समीप पिछले करीब दस दिनों से छह से सात लोग बड़े वाहनों और ट्रकों से प्रति वाहन ₹200 की कथित अवैध वसूली कर रहे थे। दावा किया गया कि प्रतिदिन करीब 200 ट्रकों से लगभग ₹40 हजार की उगाही हो रही थी, जो महीने में करीब ₹12 लाख तक पहुंचती है।

वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी (नगर) अतुलेश झा ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट में थाना प्रभारी चनवीर यादव को अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर रूप से लापरवाह और उदासीन पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, उनके थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रही कथित गतिविधि पर रोक नहीं लग पाना गंभीर प्रशासनिक चूक माना गया।

एसएसपी ने निलंबित थाना प्रभारी को तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।

बताया जा रहा है कि चनवीर यादव का नाम पहले भी कथित अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ चुका है, हालांकि उस समय पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण आरोप सिद्ध नहीं हो सके थे। इस बार वायरल वीडियो और विभागीय जांच के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी अलग से पड़ताल की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *