बिहपुर। भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में विधानसभास्तरीय डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बिहपुर विधानसभा के विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में 3,160 डिजिटल कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य घोषित किया।

मंत्री शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रत्येक बूथ पर कम से कम दस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर उन्हें डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए कार्यकर्ताओं को ‘सरल ऐप’ के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण लेना होगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद एक संक्षिप्त परीक्षा उत्तीर्ण करने पर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि सोमवार निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि ‘सरल ऐप’ पर पार्टी के शीर्ष नेताओं का इतिहास, संगठन के कार्यक्रम, ‘पंच निष्ठा’ सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी उपलब्ध है। इससे कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और गतिविधियों से लगातार जुड़े रहेंगे तथा डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा आईटी सेल के नवगछिया जिला संयोजक संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि डिजिटल लर्निंग अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाण पत्र प्राप्त करने का आह्वान किया।

मंत्री शैलेन्द्र सिंह ने विश्वास जताया कि नवगछिया पुलिस जिला और बिहपुर विधानसभा इस डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में पूरे बिहार में अग्रणी स्थान हासिल करेंगे।

कार्यक्रम में दिनेश यादव, अभय कुमार राय, मुकेश राणा, रूपेश रूप, संजय शर्मा नागर, डोमी मंडल, नवीन उर्फ चुन्नू, मेहता सच्चिदानंद, इंजीनियर कुमार गौरव, काजल देवी, ब्रजेश चौधरी, दिलीप सिंह, ब्रजेश शर्मा नागर, चंद्रशेखर सिंह, प्रो. धनंजय मिश्र, कन्हैया झा और दिलीप उर्फ बबलू चौधरी सहित सभी मंडल अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में भाजपा के जिलास्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....