गंगा दियारा के किसानों की मांग होगी पूरी, नरकटिया और नन्हकार में बनेंगे दो पीपा पुल
बिहपुर। गंगा नदी पर पीपा पुल निर्माण की बिहपुर और खरीक प्रखंड के किसानों की वर्षों पुरानी मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद जगी है। बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ईं. कुमार शैलेंद्र ने बुधवार को फोन पर बताया कि गंगा दियारा में खेती-किसानी को सुगम बनाने के लिए नरकटिया और नन्हकार ढाला के पास दो पीपा पुलों का निर्माण कराया जाएगा। दोनों पुलों पर करीब 27.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मंत्री ने बताया कि दोनों पीपा पुलों के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा। इन पुलों के बनने से गंगा दियारा में खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
नरकटिया में 14.04 और नन्हकार में 13.44 करोड़ होंगे खर्च
पथ निर्माण मंत्री के अनुसार, नरकटिया में 14.04 करोड़ रुपये और नन्हकार ढाला के पास 13.44 करोड़ रुपये की लागत से पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा। दोनों पुलों की कुल लागत 27.48 करोड़ रुपये है।

पुल निर्माण से बिहपुर के 10 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लगभग 20 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैले गंगा दियारा में खेती-किसानी करना आसान हो जाएगा। किसानों को खेतों तक पहुंचने के साथ ही अनाज और अन्य कृषि उत्पादों को घर तक लाने में भी सुविधा होगी।
लत्तीपुर से सोनवर्षा तक के किसानों को मिलेगा लाभ
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने कहा कि दोनों पीपा पुलों के निर्माण से लत्तीपुर, नरकटिया, गौरीपुर, अमरपुर, बभनगामा से लेकर सोनवर्षा, मड़वा और जयरामपुर तक के किसानों को दियारा में खेती करने और कृषि उपज को सुरक्षित घर तक लाने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि पथ निर्माण मंत्री की पहल से पीपा पुल निर्माण की उम्मीद जगी है। इससे स्थानीय लोगों और किसानों में खुशी है। लोगों ने मंत्री के प्रति आभार जताया है।
चकरामी-बलाहा घाट पर भी पीपा पुल बनाने की मांग
इधर, भाजपा नेता बंटी झा, सुजीत झा समेत अन्य लोगों ने नारायणपुर के चकरामी-बलाहा घाट के पास भी गंगा नदी पर पीपा पुल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां पुल बनने से आसपास के ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नरकटिया और नन्हकार में प्रस्तावित पीपा पुलों के निर्माण से गंगा दियारा के किसानों की खेती-किसानी और कृषि उत्पादों के परिवहन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

