नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राकेश झा (राजू) के बुधवार को नवगछिया पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। महाराज जी चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। इसके बाद मारवाड़ी धर्मशाला में भाजपा की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राकेश झा एवं जिला प्रभारी पवन मिश्रा को अंगवस्त्र और पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राकेश झा ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने की अपील की।

बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई। साथ ही आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। जिला स्तरीय बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री ने वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की विशेष बैठक कर संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और भविष्य की गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अनिल कुमार यादव, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया, प्रभुनंदन चौधरी, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल गुप्ता, पंचायती राज प्रकोष्ठ संयोजक जिम्मी ठाकुर, बेटी बचाओ प्रकोष्ठ संयोजक अभिनंदन यादव, नगर निकाय प्रकोष्ठ संयोजक अनिल केजरीवाल, जिला मंत्री बासुकी मंडल, ममता रजक समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

