खरीक : खरीक थाना क्षेत्र के कालूचक गांव में दो दिन पहले ब्याही गयी नवविवाहिता मिथिलेश यादव की पुत्री सोनी देवी की हत्या उसके पति खगड़िया मुफ्लिस थाने के मोयार दियारा निवासी संजीव यादव द्वारा गला दबा कर देने का मामला प्रकाश में आया है. परिजनों की सूचना पर सुबह घटना स्थल पर पहुंची नवगछिया नदी थाने की पुलिस ने आवश्यक छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा दिया. जहां से दोपहर बाद परिजनों को शव सुर्पुद कर दिया गया था.

मामले की छानबीन नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने भी घटना स्थल पर जा कर की है. इधर मामले की प्राथमिकी सोनी के पिता कालूचक निवासी मिथिलेश यादव के बयान पर नदी थाने में दर्र्ज कर लिया गया है. दर्ज प्राथमिकी में सोनी के पति खगड़िया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोयार दियारा निवासी संजीव यादव, उसके बड़े भाई सुबोध यादव, एक अन्य भाई, मानसी खगड़िया के टीकापुर निवासी अगुवा व संजीव के मामा नंदू यादव, संजीव के मौसेरे भाई संजीत कुमार व दो अन्य लड़कों के विरूद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

मृतका के परिजनों ने बताया है कि देर रात सोनी और उसके पति घर में सोये थे, देर रात सोनी को उसके पति ने गला दबा कर हत्या कर दी और भाग गया. सुबह जब सोनी की मां रीता देवी ने आवाज दे कर दरवाजा खोलवाने का प्रयास किया तो कोई उत्तर नहीं मिला. इसके बाद दरवाजा खटखटाने के क्रम में खुल गया और जब वह अंदर गयी तो देखा कि सोनी पलंग पर कंबल ओढ़े हुई और उसका पिता वहां नहीं है. पहले सोनी के पति को खोजने का प्रयास किया गया जब वे नहीं मिले तो सोनी को उठाने का प्रयास में जब मुंह पर ढ़ंका कंबल हटाया तो देखा कि सोनी मर गयी थी.

27 नवंबर को हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि पिछले दिनों उन लोगों के पास मानसी खगड़िया टीकापुर निवासी नंदू यादव अपने भांजे की शादी का प्रस्ताव ले कर आये. उनके द्वारा कहा गया कि लड़का डेयरी व्यवसाय से जुड़ा हुआ है, होनहार है, इसलिए शादी कर लेना अच्छा होगा. लड़के के बारे में अच्छा बताये जाने के बाद सोनी के घरवाले शादी के लिए तैयार हो गये. इसके बाद खगड़िया के मुफस्सिल थाना के मोयार दियारा निवासी लड़के के परिजनों ने खगड़िया बुलाकर हाउसिंग बोर्ड के एक मकान में लड़के वालों ने लड़की देने की प्रक्रिया पूरी की. दोनों तरफ से बात मिल जाने के बाद 27 नवंबर को शादी की तिथि तय की गयी. 27 नवंबर को खगड़िया के बलुवाही ठाकुबाड़ी में दोनों का विवाह संपन्न हुआ और दोनों पक्षों की सहमती से सोनी और संजीव विवाह के बाद कालूचक 28 नवंबर को पहुंचे.

29 नवंबर को दिन में लड़के ने मांगा ढ़ाई लाख रुपये दहेज

सोनी के पिता समेत अन्य परिजनों का कहना है कि 29 नवंबर को सोनी के पति संजीव ने स्पष्ट रुप से ढ़ाई लाख रुपया नकद और एक सोने का चैन दहेज के रुप में मांग लिया. जब मिथिलेश यादव व अन्य ने असमर्थता जतायी तो उसने सोनी को धमकी दे डाला कि अगर दहेज नहीं मिलेगा तो अंजाम बुरा होगा. परिजनों ने इसे हल्के से लिया. परिजनों का आरोप है कि संजीव ने 29 की रात को ही सोनी की हत्या गला दबाकर कर दी और भाग गया.

इन बातों पर है संदेह

परिजन बता रहे हैं कि मंदिर में शादी के बाद पुलिस पहुंची थी और संजीव को पकड़ कर थाने ले गयी थी. इसके बाद संजीव के मौसेरे भाई व अन्य लोगों ने संजीव को थाने से ला कर उसकी शादी मंदिर में करायी थी. जब शादी दोनों पक्षों की सहमती से हो रही थी तो आखिर पुलिस क्यों पहुंची थी. इसका स्पष्ट उत्तर परिजनों के पास नहीं था. एक बात यह भी है कि शादी के बाद नवविवाहिता ससुराल जाती है.

लेकिन सोनी अपने पति के साथ मायके क्यों आ गयी. तीसरी बात पुलिस का मानना है कि गल दबा कर हत्या करने के बाद जीभ बाहर आ जाता है. लेकिन सोनी के शव के मुंह तो खुले थे लेकिन जीभ बाहर नहीं आयी थी. कुछ लोग इसे जहर खा कर आत्महत्या का मामला भी मान रहे हैं. इधर संजीव का कोई अता पता नहीं है. जानकारी के अनुसार संजीव के घरवालों ने कालूचक में फोन कर पूछा कि संजीव कहां है. बहरहाल नदी थाना के प्रभारी चंद्रभूषण सिंह मामले की छानबीन करने में जुट गये हैं. उनका कहना है कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर लिया जायेगा.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *