भागलपुर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर से पुलिस हिरासत से फरार हुए अभियुक्त उदय मंडल को जीआरपी ने सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वह दिल्ली से आ रही ब्रह्मपुत्र मेल से सुल्तानगंज पहुंचा था, जहां जीआरपी जवानों ने उसे पहचानकर हिरासत में ले लिया।
Total Downloads: 85
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को जीआरपी थाना भागलपुर लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दे दी गई है और संबंधित दस्तावेज भी प्राप्त हो चुके हैं। अभियुक्त को अपने कब्जे में लेने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम भागलपुर पहुंच रही है।
जानकारी के अनुसार, उदय मंडल एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार था और 18 जून को दक्षिण दिल्ली के साकेत कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। अदालत से बाहर निकलने के दौरान उसे तिहाड़ जेल ले जाया जा रहा था, तभी उसने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और फरार हो गया।

घटना के बाद दिल्ली के साकेत थाना में उसके खिलाफ हिरासत से फरार होने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अब भागलपुर में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस उसे वापस ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
