भवन तैयार, लेकिन महीनों से नहीं शुरू हुई सेवाएं; सरकारी काम के लिए आज भी प्रखंड कार्यालय जाने को मजबूर हैं ग्रामीण

नवगछिया | नवगछिया प्रखंड की ढोलबज्जा पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पंचायत सरकार भवन कई महीनों से पूरी तरह तैयार होने के बावजूद उद्घाटन की प्रतीक्षा में बंद पड़ा है। भवन का उपयोग शुरू नहीं होने से पंचायत के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सरकारी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

सरकार जहां पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं लोगों के घर तक पहुंचाने का दावा करती है, वहीं ढोलबज्जा पंचायत में तैयार भवन के बंद रहने से इन दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब भवन का निर्माण पूरा हो चुका है तो आखिर इसे जनता के लिए शुरू करने में इतनी देरी क्यों की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचायत सरकार भवन शुरू नहीं होने के कारण आज भी जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र बनवाने, सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा करने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन का उद्देश्य गांवों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। लेकिन भवन तैयार होने के बाद भी उसके उपयोग में नहीं आने से इस योजना का उद्देश्य अधूरा नजर आ रहा है।

स्थानीय निवासी सोनू कुमार जायसवाल ने विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद उसे शुरू नहीं करना पंचायत की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने अविलंब उद्घाटन कर भवन को आम लोगों के लिए संचालित करने की मांग की, ताकि पंचायतवासियों को सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सके।

अब क्षेत्र के लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब भवन पूरी तरह तैयार है, संसाधन उपलब्ध हैं और जनता को इसकी आवश्यकता है, तो उद्घाटन में आखिर देरी किस कारण हो रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन जल्द इस दिशा में कदम उठाएंगे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *