गोपालपुर में ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल का जनसंपर्क, दिवंगत सिकंदर मंडल के परिजनों से मिले

नवगछिया। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री सैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों सहित आमजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।

जनसंपर्क के दौरान मंत्री ने आम लोगों की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास ही जनसेवा के लिए उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।

इसी क्रम में मंत्री गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के सिमरिया निवासी श्री सिकंदर मंडल के आवास पर भी पहुंचे। सिकंदर मंडल का बीते दिनों बांध पर कार्य करने के दौरान नाव के तेज बहाव की चपेट में आने से निधन हो गया था। उनके निधन पर मंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग एवं सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा रहना समाज और जनप्रतिनिधि के रूप में हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *