नवगछिया : नाथनगर के एसआर उच्च विद्यालय में परीक्षा दे रहे नवगछिया के मदहतपुर गांव के छात्र अभिषेक अपने निर्धारित केंद्र पर परीक्षा तो दे रहा है लेकिन उसकी हाजिरी नहीं ली जा रही है. परीक्षा सेंटर पर उसे कहा जाता है कि उसका रोल नंबर नाथनगर एसआर उच्च विद्यालय में नहीं है. उसका रोल नंबर नवगछिया के मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में है इसलिए उसे कहा जाता है कि तुम परीक्षा तो यहां दे दो, लेकिन तुम्हारी हाजरी मदन अहिल्या में ही बनाई जाएगी. मंगलवार को पहली पाली में बिना उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर किए ही परीक्षा देने के बाद जब अभिषेक परीक्षा कक्ष से बाहर निकला तो उसने परिजनों को इस बात की जानकारी दी. परिजनों ने जब मामले का पता मदन अहल्या महिला महाविद्यालय से लगाया तो पता चला कि वहां पर छात्र को अवसेंट किया जा रहा है और कहा गया कि बिना परीक्षा दिए उसे उपस्थित दिखाया भी नहीं जा सकता है और यहां पर परीक्षा देने के लिए एडमिट कार्ड में सेंटर की जगह मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय लिखा होना आवश्यक है.
इस तरह की स्थिति में छात्र अभिषेक मानसिक तनाव का सामना कर रहा है और परीक्षा की तैयारी के बजाय नवगछिया और भागलपुर के विभिन्न पदाधिकारियों के फोन पर घंटी बजा रहा है लेकिन, कहीं से उसे सकारात्मक आश्वासन नहीं दिया जा रहा है. छात्र का कहना है कि इसमें उसकी क्या गलती है उसे कुछ समझ में नहीं आ रहा है. अभिषेक मदहदपुर गांव के शंकर प्रसाद सिंह का पुत्र है. वह उच्च विद्यालय तुलसीपुर जमुनिया का छात्र है. अभिषेक ने बताया कि फॉर्म भरने के समय उसे पुरुष की जगह महिला बना दिया गया था जिसके लिये उसने सुधार करने की सारी प्रक्रियाओं को पूरा किया था.
★बिना हाजरी के ही परीक्षा दे रहा है इंटर का छात्र
★ केंद्राधीक्षक से की शिकायत पर नहीं बनी बात
★ परीक्षा की तैयारी करने के बजाए पदाधिकारियों के फोन पर घंटी बजा रहा है छात्र
तुलसीपुर उच्च विद्यालय के छात्रों का सेंटर नाथ नगर के एसआर उच्च विद्यालय में है तो छात्राओं का सेंटर नवगछिया के मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में है. ऐसी स्थिति में उसके एडमिट कार्ड पर लड़कों वाले सेंटर एसआर उच्च विद्यालय नाथनगर अंकित तो कर दिया है लेकिन उसका रोल नंबर नवगछिया मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में भेज दिया गया है. छात्र ने बताया कि मंगलवार को जब वह पहली पाली में परीक्षा देने गया तो सेंटर पर रोल नंबर नहीं मिलने से उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

1 घंटे समय बीत जाने के बाद केंद्राधीक्षक के आदेश पर उसे कॉपी और प्रश्न पत्र दिया गया. और बोला गया कि परीक्षा तो तुम यहां पर दे दो लेकिन तुम्हारी हाजरी यहां पर नहीं बनेगी. इसके लिए तुम्हें खुद प्रयास करना होगा. तुम्हें मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय जाकर हाजिरी बनाना होगा. अभिषेक का कहना है कि उसने केंद्राधीक्षक से भी बात की, नवगछिया के भी कई पदाधिकारियों को फोन करके पूरी बात बता को रखा लेकिन वह सभी जगहों से निराशा ही हाथ लगा है.
अभिषेक फिलहाल नाथनगर में रहकर परीक्षा दे रहा है. अभिषेक के दोस्त कहते हैं कि वह पढ़ने में काफी अच्छा है लेकिन मंगलवार से ही वह काफी तनावग्रस्त है, और वह बार बार कहता है मेरा 1 साल बर्बाद हो जाएगा. मंगलवार से ही वह खाना भी ठीक से नहीं खा रहा है. अभिषेक के परिजन भी इस मामले को लेकर काफी निराश है.

