भागलपुर। नाथनगर के पश्चिमी केबिन के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी इलु कुमार के रूप में हुई है। वह नाथनगर में किराये के मकान में रहकर हलवाई का काम करता था। उसकी शादी 24 जुलाई को नवगछिया के खरीक प्रखंड में होनी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। युवक के कान में हेडफोन लगा था और वह मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक के पास टहल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर शरीर से अलग हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने युवक को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक की मौसी ने बताया कि शुक्रवार रात ही परिवार में शादी की लग्न की रस्म पूरी हुई थी और 24 जुलाई को खरीक प्रखंड में उसकी शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी घटना कैसे हुई।
वहीं, मृतक के बड़े भाई कैलाश प्रसाद साह ने बताया कि यह हादसा रेलवे फाटक पार करने के दौरान हुआ। दूसरी ओर, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर रेलवे प्रशासन प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रहा है।
जीआरपी भागलपुर के थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला युवक के ट्रेन के सामने आने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और परिजनों से प्राप्त शिकायत या आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
नोट: इस घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ट्रेन के सामने गया, जबकि परिजनों का कहना है कि यह रेलवे फाटक पार करने के दौरान हुआ हादसा था। अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
