हरना चौक की घटना, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर; लोगों ने आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग उठाई

नवगछिया | गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरना चौक पर रविवार सुबह एक आवारा कुत्ते के हमले में छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में बच्चे के दाहिने हाथ की एक उंगली पूरी तरह कटकर अलग हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर किया गया है।

घायल बच्चे की पहचान हरना चौक निवासी सुग्रीव सिंह (6), पिता कृष्णा सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुग्रीव घर के बाहर सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उस पर टूट पड़ा और उसके दाहिने हाथ को बुरी तरह दबोच लिया। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया, लेकिन तब तक उसकी एक उंगली कट चुकी थी।

घटना के तुरंत बाद परिजन कटी हुई उंगली के साथ बच्चे को अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. केशव कुमार ने बताया कि बच्चे की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि, उंगली पूरी तरह कट जाने के कारण उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है।

बच्चे की मां सरस्वती देवी ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

घटना के बाद हरना चौक और आसपास के इलाकों के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी बच्चों व राहगीरों पर हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *