नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के रतनगंज सुकटिया बाजार में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति जीवन हरिजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध संबंधों को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण पत्नी की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक खेत में एक महिला पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की मां के फर्दबयान के आधार पर गोपालपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी, मानवीय और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तेजी से जांच करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पति जीवन हरिजन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद से परेशान होकर उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने पहले अवैध हथियार की व्यवस्था की थी, लेकिन गोली नहीं मिलने पर उसने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर कई वार किए और उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में खेत में छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....