नवगछिया: गोपालपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपाकर गांव निवासी 32 वर्षीय मो. जुबेर की अररिया जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को उनका शव सिमराहा थाना क्षेत्र के बोकड़ा मिल चौक गांव के समीप बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक के पिता मो. सावर हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जुबेर की दूसरी पत्नी शकीना खातून के परिजनों ने उनकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। इस मामले में मो. आलम, मो. बेचन, अल्फाक और महमूदा खातून के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की मां हबीसा खातून ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले ही दूसरी पत्नी के मायके वालों ने उनके बेटे का मोबाइल फोन छीन लिया था। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले जुबेर की दूसरी शादी हुई थी। इसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे उसके पैतृक घर आने से रोकते थे।

परिजनों के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर काफी समझाने-बुझाने के बाद जुबेर इस बार अपने घर आया था। इसके बाद दूसरी पत्नी के मायके वालों की ओर से उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं।

जुबेर की पहली पत्नी को पति की मौत की सूचना मिलते ही वह बेसुध हो गई। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सिमराहा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....