नवगछिया: शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 63308 मेमो पैसेंजर ट्रेन से 19 बोतल विदेशी अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.25 लीटर बताई गई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को नियमित जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम 63308 मेमो पैसेंजर ट्रेन की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान ट्रेन के शौचालय के पास एक सफेद और पीले रंग का प्लास्टिक का लावारिस बोरा पड़ा मिला। संदेह होने पर जब बोरे की जांच की गई तो उसके अंदर विदेशी अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से कुल 19 बोतल विदेशी अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 14.25 लीटर है। हालांकि तलाशी के दौरान बोरे के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, जिससे माना जा रहा है कि शराब को तस्करी के उद्देश्य से ट्रेन के माध्यम से ले जाया जा रहा था और तस्कर पुलिस की भनक लगने पर बोरा छोड़कर फरार हो गए।

जीआरपी ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शराब के वास्तविक मालिक और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।
रेलवे पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार चल रहे सघन जांच अभियान के कारण शराब तस्करों पर शिकंजा कसता जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

