नवगछिया : नवगछिया में हड़ताल में राष्ट्रीय राजमार्ग और विक्रमशिला सेतु संपर्क पथ के किनारे करीब पांच दिनों से सड़क किनारे रुके ट्रक चालकों से चोरी और छिनतई की घटना हो रही है. शनिवार को देर शाम चोरी और छिनतई की घटना से परेशान होकर ट्रक चालकों ने जाह्नवी चौक के पास करीब तीन घंटे तक सड़क को जाम कर दिया. ट्रक चालकों ने देर शाम पहले एक जुट होकर नारे बाजी की और जब कोई भी उनलोगों की बातों को सुनने नहीं आया तो ट्रक चालकों ने टायर जल कर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम करने के क्रम वे ट्रक चालक नारेबाजी भी कर रहे थे. सेतु का एप्रोच पथ जाम होते ही परवत्ता पुलिस ने वाहनों की आवाजाही जाह्नवी चौक – तेतरी दुर्गा स्थान ब्रांच रोड से शुरू करवा दिया था. लेकिन देर शाम जाम में फंसे लोगों लगभग तीन घंटे तक जाम में फंसे ही रहे.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परवत्ता के थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने ट्रक चालकों को समझा बुझा कर जाम समाप्त करवाया. रात्रि नौ बजे तक भी जाम की स्थिति सामान्य नहीं हो पायी थी. हालांकि छोटे वाहनों की मंथर गति से आवाजाही शुरू हो गयी थी. जाम होते ही देखते ही देखते जाह्नवी चौक से नवगछिया जीरो माइल तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी. ट्रक चालकों का कहना है कि वे लोग हड़ताल के समर्थन में अपनी ट्रकों को यहां पर खड़ा कर हड़ताल टूटने का इन्तजार कर रहे हैं तो रात में उनलोगों के साथ चोरी और छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है.

ट्रक चालकों ने कहा कि कभी उनलोगों का डीजल चुरा लिया जाता है तो कभी बैटरी खोल ली जाती है. रात के अंधेरे में आने वाले अपराधी उनलोगों से नकदी की भी छिनतई कर रहे हैं. वे लोग यही पर रह कर खाना बना कर खा रहे हैं, पैसे चोरी हो जाने के बाद वे लोग कैसे रहेंगे. दरभंगा के शमशाद ने कहा कि उसके ट्रक से चोरों ने डीजल चुरा लिया है. बीआर 01 जे 0670 के चालक विक्रम सिंह और जेबीआर 11 एस 6875 के चालक सुलेन्द्र कुमार ने कहा कि चारों ने उनके ट्रकों से इस तरह डीजल चुराया है कि उनका ट्रक भागलपुर जाने की भी स्थिति में नहीं है. आरजे 14 पी 3265 के अजमेर निवासी चालक पवन कुमार ने कहा कि उनके ट्रक की बैटरी चोरी कर ली गयी है.

अब उनका ट्रक स्टार्ट होने की स्थिति में नहीं है. वे काफी परेशान हैं. सुपौल के खलासी ने कहा कि वे शुक्रवार को देर शाम रसद का सामान लेने दुकान जा रहे थे और रास्ते में अपराधियों ने उससे 350 रुपये छीन लिए. ट्रक चालकों ने कहा कि वे लोग हड़ताल के बाद से यहां ठहरे हैं और उनलोगों के साथ लगातार चोरी व छिनतई हो रही है. करीब दो सौ ट्रक चालक अभी नवगछिया में ठहरे हैं और अबतक 25 से 30 ट्रक चालक चोरी और छिनतई के शिकार हो चुके हैं. ट्रक चालकों ने कहा कि गश्त में आने वाले पुलिस पदाधिकारी को जब उनलोगों ने अपनी व्यथा बतायी तो पुलिस ने किसी प्रकार की कार्रवाई से मना कर दिया. ट्रक चालकों ने मांग करते हुए कहा है कि वे लोग भी भारत के नागरिक ही है. वे लोग जब यहां है तो उनलोगों के सुरक्षा की गारंटी यहां की पुलिस को देना चाहिये.

 

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *