खरीक  : खरीक थाना क्षेत्र के  सिहकुण्ड में जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे फ्लड फाइटिंग कटाव निरोधी कार्य कराने के एवज में रंगदारी नहीं देने पर बौखलाए कोसी क्षेत्र के अपराधियों ने गुरुवार को उस समय जमकर गोलीबारी की. जब जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता सुमन कुमार मजदूरों के साथ कटाव स्थल पर फ्लड फाइटिंग का काम करवा रहे थे. अपराधी तकरीबन 8 की संख्या में थे. सभी अपराधी नाव से सिहकुण्ड घाट के समीप  जहां कटाव हो रहा है.

सभी अपराधी राइफल बंदूक, मार्केट थ्रीनट, मास्केट समेत अन्य असलाहों से लैस थे. अचानक सभी अपराधी हथियार के साथ फ्लर्ट फाइटिंग कार्यस्थल पर आ धमके. अपराधियों ने अपने-अपने हथियारों से फायरिंग करना शुरू कर दिया. तकरीबन आठ चक्र फायरिंग किया. गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थल पर भगदड़ मच गई. मजदूर इधर – उधर भागने लगे. अपराधियों की गोली से जान बचाने के लिए कुछ लोग जमीन के अगल-बगल दुबक गए. कुछ लोग मिट्टी के ढ़ेर की आढ़ में छुप गए. घटना गुरुवार देर शाम की है. बड़ी मशक्कत के बाद जल संसाधन विभाग कोसी पार सिहकुण्ड में कोसी नदी से हो रहे बचाव के लिए फ्लड फाइटिंग कार्य करवाने के लिए मन बनाया था. आजादी के बाद तकरीबन छह दशक में  पहली बार  सिहकुण्ड में कटाव से बचाव के लिए फ्लड फाइटिंग कार्य  शुरू किया गया था.

गोलीबारी की घटना से सिहकुण्ड में हो रहे कटाव विरोधी कार्य पर फिलहाल ग्रहण लग गया है. इस संदर्भ में पूछे जाने पर घटना स्थल पर प्रतिनियुक्ति जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता सुमन कुमार का कहना है गुरुवार को दिन के 11:00 बजे से कार्यस्थल पर ही था. उसी समय नाव से 8 हमलावर अपराधी हथियार से लैस होकर आए और कटाव स्थल के समीप अंधाधुंध गोली फायर करना शुरु कर दिया. जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई है. लोग इधर उधर भागने लगे. मैं छिपकर जान बचाया और लौट कर वापस स्थल तक नहीं पहुंचा.  अब मैं स्थल पर नही जाऊंगा. स्थिति काफी तनावपूर्ण बन गई है. घटनास्थल पर अपराधी बिना रंगदारी लिए सिहकुण्ड में बचाव कार्य  करने देने के लिए तैयार नहीं है. फिलहाल सिहकुण्ड में फ्लड फाइटिंग कार्य को अगले आदेश तक रोक दिया है. लंबे समय के इंतजार के बाद सिहकुण्ड में कटाव रोकने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया था. किए जा रहे बचाव कार्य पर अपराधियों की पूरी नजर लग गई है जिससे विकास कार्य प्रभावित हुआ. महत्वाकांक्षी योजनाएं धूल फांक रही है. इस संदर्भ में पूछे जाने पर खरीक थानाध्यक्ष सुदीन राम ने कहा कि सूचना पर  पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया था लेकिन वहां से अब तक इस संदर्भ में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. अभियंता लिखित आवेदन देकर शिकायत करें प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाई की जाएगी. इस संदर्भ में पूछे जाने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता वीरेंद्र कुमार ने कहा अपराधियों द्वारा सिंहकुंड में भय और दहशत का माहौल बनाने के लिए गोलीबारी की गई है. सूचना मिली मजदूर और इंजीनियर स्थल छोड़कर भाग गए हैं. फिलहाल सिहकुण्ड में हो रहे कटाव निरोधी फ्लड फाइटिंग बचाव कार्य रोक दिया गया है. अब पुलिस ही चाहे तो काम शुरू हो सकता है. वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचना दी गई है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *