नशे की गिरफ्त में बच्चे, चोरी की घटनाओं से मधुरापुर बाजार में चिंता; दुकान में चोरी की कोशिश CCTV में कैद

नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के मधुरापुर बाजार में कुछ नाबालिग बच्चों के कथित रूप से नशे की लत में फंसने और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने का मामला सामने आया है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे बच्चे दुकानों के अलावा आसपास के घरों को भी निशाना बना रहे हैं। कई बार चोरी करते हुए पकड़े जाने के बाद दुकानदार उन्हें समझाकर या डांटकर छोड़ देते हैं, क्योंकि बच्चे स्थानीय क्षेत्र के ही बताए जाते हैं।

हाल ही में मधुरापुर बाजार की एक दुकान में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया, जिसकी पूरी गतिविधि CCTV कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार अमित कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनके स्टाफ के गोदाम और दुकान के पीछे जाने के दौरान एक बच्चा दुकान के अंदर घुस गया।

इसी दौरान बगल के दुकानदार की नजर बच्चे पर पड़ गई और उसने उसे पकड़ लिया। हालांकि अमित कुमार के वापस लौटने से पहले ही बच्चा वहां से भाग निकला।

CCTV में कैद हुई चोरी की कोशिश

दुकान में लगे CCTV फुटेज में भगवा गमछा ओढ़े एक बच्चे को दुकान में प्रवेश करते देखा गया। दुकान के अंदर पहुंचने के बाद उसने काउंटर से शटर की चाबी निकाली और पैसे वाले दराज का लॉक खोलने का प्रयास किया। हालांकि वह लॉक खोलने में सफल नहीं हुआ। दुकानदार के अनुसार दराज की वास्तविक चाबी उनके पास रहती है।

बच्चे की पहचान होने के बाद जब उसके परिजनों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बच्चा नशे की लत में फंस गया है और परिवार के समझाने के बावजूद उसकी आदत पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

एक ही रात में कई घरों से चोरी का आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार रात भी इसी बच्चे पर आसपास के कई घरों से मोबाइल और हेडफोन चोरी करने का आरोप है। गुरुवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने कुछ बच्चों को पकड़कर अपना चोरी हुआ मोबाइल वापस ले लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से लोग परेशान हैं। कुछ लोगों का सामान अब भी नहीं मिल पाया है। लोगों ने बच्चों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में भवानीपुर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर शंभू कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *