नवगछिया/बिहपुर: भागलपुर-खगड़िया सीमा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार देर रात एक मकई से लदा टेलर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसा सतीश नगर गांव के समीप हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, टेलर बिहपुर से खगड़िया की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का पिछला एक्सल अचानक टूट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और टेलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टेलर पर लदी मकई की बोरियां फट गईं और बड़ी मात्रा में मकई सड़क पर बिखर गई।
दुर्घटना के बाद किसान को अपनी फसल के नुकसान की चिंता सताने लगी। सड़क पर बिखरी मकई पर लगातार वाहनों के गुजरने से नुकसान बढ़ने की आशंका के बीच किसान वहीं मकई के ढेर पर बैठ गया और गुजरने वाले वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन निकालने की अपील करता रहा।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कई राहगीरों ने किसान की मदद की इच्छा जताई और फसल को सुरक्षित करने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए सड़क पर बिखरी मकई को हटवाया तथा वाहनों की आवाजाही को सामान्य कराया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई।

