नवगछिया: इस्माईलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सकों की नियमित अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, पीएचसी में चार चिकित्सकों की तैनाती है, लेकिन इनमें से दो चिकित्सक अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। इसके कारण अस्पताल की ओपीडी सेवा प्रभावित हो रही है और इलाज के लिए आने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई मरीज निराश होकर बिना इलाज कराए वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते और अपनी सुविधा के अनुसार ड्यूटी करते हैं। इसका सबसे अधिक असर दूर-दराज के गांवों से आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए अस्पताल का सहारा लेना पड़ता है।

ग्रामीणों ने जिला स्वास्थ्य प्रशासन से अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच कराने और लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों द्वारा रोस्टर के अनुसार ड्यूटी नहीं करने के कारण अस्पताल संचालन में काफी परेशानी हो रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....