नवगछिया: नवगछिया-तिनटंगा मुख्य सड़क पर स्थित मकंदपुर चौक इन दिनों अतिक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानों के बढ़ते कब्जे और वाहनों के अव्यवस्थित परिचालन के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मकंदपुर चौक के दोनों ओर फल, सब्जी एवं अन्य सामानों की अस्थायी दुकानें सड़क तक फैल गई हैं। इससे मुख्य सड़क काफी संकरी हो गई है और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। रविवार को भी चौक पर कई बार लंबा जाम लगा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।

स्थिति को और गंभीर बनाने में टेंपो और टोटो चालकों की मनमानी भी अहम कारण बन रही है। चौक के आसपास बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।

स्थानीय निवासी राजा कुमार, नीतीश शाह, प्रिंस कुमार, प्रो. मनोज सिंह, शिक्षक विपुल कुमार और धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मकंदपुर चौक धीरे-धीरे अतिक्रमण की चपेट में आ चुका है। सड़क की जमीन पर कब्जा होने से वाहनों के गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। कई बार जाम के कारण लोगों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से पूर्व में अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसके बाद भी सड़क किनारे दुकानें लगनी बंद नहीं हुईं। नतीजतन समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मकंदपुर चौक को अतिक्रमण मुक्त घोषित कर नियमित अभियान चलाया जाए। साथ ही अस्थायी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आजीविका भी प्रभावित न हो और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है और किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए चौक पर सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....