नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के मालपुर के पास गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 57 वर्षीय महेश साह घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 210
जानकारी के अनुसार, बड़ी मकंदपुर निवासी रामबिलास साह के पुत्र महेश साह नवगछिया के मकंदपुर चौक से सब्जी खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मालपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महेश साह सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना गोपालपुर पुलिस को दी गई है। गोपालपुर थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि फरार बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

