नवगछिया। मद्यनिषेध अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। झंडापुर थाना क्षेत्र में दो चार पहिया वाहनों से 172.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से चार कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए दोनों वाहनों और चार मोबाइल फोन को जब्त किया है।
Total Downloads: 217
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
सूचना मिलते ही एनएच-31 पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को झंडापुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो चार पहिया वाहनों में भारी मात्रा में शराब लेकर बिहपुर चौक से खगड़िया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-31 पर निरंजन मुखिया के डिपो के पास वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर JH 04AF-5010 वाले वाहन से 36 लीटर और JH 10Q-5306 से 136.875 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
दोनों वाहनों से चार लोग गिरफ्तार
पहले वाहन के चालक अर्थ कुमार यादव (22), निवासी अन्डीपुर, दुमका, झारखंड और उसके सहयोगी गोलू कुमार उर्फ राहुल कुमार, निवासी काली मंदिर पुराना दुमका, हरना कुंडी, दुमका को गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरे वाहन के चालक सामूसैन उर्फ प्रेसनजीत कुमार (22), निवासी हरना कुंडी, दुमका मुफ्फसिल, दुमका और उसके सहयोगी बाबुल कुमार (25), निवासी पुराना दुमका केवटवारा, दुमका को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में झंडापुर थाना में कांड संख्या 161/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जब्ती: 172.875 लीटर विदेशी शराब, 2 वाहन और 4 मोबाइल फोन।
