गंगा में तैरता मिला लापता युवक का शव, शुक्रवार शाम से था गायब; परिवार में मचा कोहराम

नारायणपुर। नारायणपुर प्रखंड के गनौल गांव के पास गंगा नदी में शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक युवक का शव तैरता मिला। नाथ बाबा स्थान के समीप नदी किनारे शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान मौजमा-गनौल निवासी रामगुलाम चौधरी के 36 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार उर्फ बौकू के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार राजीव शुक्रवार शाम करीब सात बजे से लापता थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि नदी में पानी कम होने के कारण राजीव को पानी की वास्तविक गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा और वे गहरे पानी में चले गए। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

राजीव किसानी और पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।

राजीव की मौत से उनकी मां रामपरी देवी, पत्नी सोनी देवी, बेटी रूपा कुमारी और बेटे अभिमन्यु कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *